रेडक्रॉस से जुड़े विद्यार्थी बनेंगे संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक: राज्यपाल
जूनियर और युवक रेडक्रॉस की समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने युवाओं को सेवा भावना से जोड़ने पर दिया जोर

डिजिटल डेस्क। मंगुभाई पटेल ने कहा है कि रेडक्रॉस केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानव सेवा और संवेदनशीलता का मजबूत माध्यम है। इसके सिद्धांत विद्यार्थियों में सेवा, करुणा, सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों को रेडक्रॉस गतिविधियों से जोड़कर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना चाहिए।
राज्यपाल श्री पटेल सोमवार को मध्यप्रदेश राज्य रेडक्रॉस शाखा द्वारा आयोजित जूनियर रेडक्रॉस एवं युवक रेडक्रॉस शाखा की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम होटल पलाश रेसीडेंसी में आयोजित हुआ। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्वों से भी जोड़ना आवश्यक है। विद्यार्थियों को चुनौतियों और प्रतिस्पर्धा का सामना करने के लिए मानसिक रूप से मजबूत बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की अहम भूमिका होगी। इसके लिए जरूरी है कि बच्चों और युवाओं को राष्ट्र निर्माण और मानव सेवा की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाए।
राज्यपाल श्री पटेल ने प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों से रेडक्रॉस इकाइयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और वार्षिक गतिविधियों का नियमित आयोजन सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने अन्य राज्यों में रेडक्रॉस के नवाचारों का अध्ययन कर प्रदेश में लागू करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कुँवर विजय शाह ने ग्रामीण क्षेत्रों में कम कीमत पर सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराने के लिए रेडक्रॉस की भूमिका बढ़ाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं के स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।
इन्दर सिंह परमार ने महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में रेडक्रॉस गतिविधियों के नियमित संचालन पर बल दिया, जबकि उदय प्रताप सिंह ने स्कूल स्तर पर सदस्यता और पंजीयन प्रक्रिया को सरल और सक्रिय बनाने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर राज्यपाल श्री पटेल ने ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए अपने कारकेड के वाहनों की संख्या आधी कर दी। वे केवल चार वाहनों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी, कुलगुरु और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



