बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में सरकार का बड़ा कदम
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 400 जोड़ों का सामूहिक विवाह

डिजिटल डेस्क। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों के सशक्तिकरण और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सहयोग और संबल का प्रतीक है।
रविवार को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर धार जिले के ग्राम सिरसोदिया में ‘मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना’ के अंतर्गत एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 400 जोड़े विवाह बंधन में बंधे।
सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सहयोग का संगम
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विवाह भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण और पवित्र संस्कार है, जिसे “पाणिग्रहण संस्कार” के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने धार की भूमि को भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मणी की ऐतिहासिक स्मृतियों से जुड़ा बताते हुए इस आयोजन के महत्व को और भी विशेष बताया।
सरकार बनी अभिभावक
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं अभिभावक की भूमिका निभाते हुए सभी नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें सुखी वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की बेटियों की शादी से जुड़ी चिंता को कम किया गया है, ताकि वे इसे बोझ नहीं बल्कि एक सुखद अवसर के रूप में देखें।
आर्थिक सहायता से मिल रहा संबल
योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 49 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलती है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक कालूसिंह ठाकुर, प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



