मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम ने दिया रिकॉर्ड ₹16.74 करोड़ का लाभांश, CM मोहन यादव को सौंपा चेक
राज्य सरकार को 44.13 रुपये प्रति शेयर की दर से मिला लाभांश, निगम के इतिहास में अब तक का सर्वाधिक भुगतान

डिजिटल डेस्क। मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम ने लाभांश भुगतान के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। निगम की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को 16 करोड़ 74 लाख 2 हजार रुपये के लाभांश का चेक सौंपा गया। यह निगम के गठन के बाद अब तक का सर्वाधिक लाभांश है।
मुख्यमंत्री निवास में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को यह चेक प्रदान किया। राज्य सरकार के अंशदान पर 44.13 रुपये प्रति शेयर की दर से लाभांश का भुगतान किया गया है।
निगम की गतिविधियों को मुख्यमंत्री ने सराहा
इस अवसर पर निगम के उपाध्यक्ष राम मोहन सिंह बघेल और वन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निगम की उपलब्धियों और विकासोन्मुखी गतिविधियों की सराहना करते हुए अधिकारियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, उपाध्यक्ष राम मोहन सिंह बघेल, प्रमुख सचिव वन राघवेंद्र सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन तथा निगम के प्रबंध संचालक के प्रयासों की प्रशंसा की।
केंद्र सरकार को भी मिलेगा लाभांश
मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम की ओर से भारत सरकार को भी उसके अंशदान पर लाभांश दिया जाएगा। केंद्र सरकार को 44.13 रुपये प्रति शेयर की दर से कुल 61 लाख 17 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा।
निगम की ओर से रिकॉर्ड लाभांश दिया जाना उसकी वित्तीय उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।



