विकसित भारत@2047 के संकल्प में मध्यप्रदेश निभाएगा अहम भूमिका, युवाओं के विकास पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले- 2027 होगा युवा वर्ष, रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सरकार करेगी विशेष प्रयास

डिजिटल डेस्क। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में मध्यप्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रदेश में सिंचाई, ऊर्जा, रोजगार, चिकित्सा एवं उच्च शिक्षा और परिवहन जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है। सरकार का लक्ष्य विकास की इस गति को निरंतर बनाए रखना है। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा और युवाओं के सर्वांगीण विकास, कौशल संवर्धन तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्थानीय कोर्टयार्ड बाय मैरियट में एक निजी टीवी चैनल के कार्यक्रम ‘युवा संवाद’ को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया।
युवाओं को रोजगार के साथ उद्यमिता से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के हित में निरंतर काम किया जा रहा है। सुशासन और स्पष्ट प्रशासनिक दृष्टिकोण के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
युवाओं के लिए रोजगार और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप उपयोगी ट्रेड शुरू किए जा रहे हैं। भविष्य की तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आईटीआई परिसरों में आईटी पार्क विकसित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को जापानी और कोरियाई भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को ज्ञान और कौशल के मामले में सक्षम बनाना तथा उन्हें नौकरी तलाशने वाले के साथ-साथ रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना भी सरकार का उद्देश्य है।
2029 तक ड्रग्स के कारोबार पर लगाम लगाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नक्सलवाद के मुद्दे पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि अब युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना भी प्राथमिकता है। इस दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे और वर्ष 2029 तक ड्रग्स के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध चुनाव जरूरी
लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष और शुद्ध निर्वाचन प्रक्रिया पर निर्भर करती है। इसलिए चुनावी प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखना लोकतंत्र के संरक्षण के लिए आवश्यक है।
भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का विशेष महत्व
मुख्यमंत्री ने भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि भोपाल ऐतिहासिक महत्व का शहर है और इसकी अपनी विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि भोपाल के भोजताल में श्रीनगर के शिकारे भी चलने लगे हैं। राजधानी में दूसरी बार ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन प्रदेश की निवेश संभावनाओं और आर्थिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
उन्होंने जबलपुर-इंदौर कॉरिडोर को महाकौशल क्षेत्र के तेज विकास के लिए अहम बताया। कार्यक्रम में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने, विंध्य क्षेत्र में सीमेंट उद्योग के विस्तार तथा प्रदेश में शासकीय कर्मचारियों की पदोन्नति जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
विकास कार्यों को मिलेगी निरंतर गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में विकास की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, ऊर्जा क्षेत्र में प्रगति, उच्च शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा संस्थानों की शुरुआत और सुगम परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजन को ध्यान में रखते हुए स्थायी महत्व के कार्य भी शुरू किए गए हैं, जिनका लाभ लंबे समय तक प्रदेशवासियों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों के साथ युवाओं की सक्रिय भागीदारी भी महत्वपूर्ण होगी।
कार्यक्रम में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा, आयुक्त जनसंपर्क श्री मनीष सिंह, संचालक जनसंपर्क श्री अरविन्द दुबे सहित गणमान्य नागरिक, पत्रकार और विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री मोहित सिन्हा और चैनल के अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया।



