समाचार

उज्जैन में आयोजित की गई फिरोजिया ट्रॉफी, प्रदेश में खेल सुविधाओं का हो रहा निरन्तर विस्तार

फिरोजिया ट्रॉफी फाइनल में पहुंचे मुख्यमंत्री, विजेता और उपविजेता टीमों के लिए अतिरिक्त पुरस्कार की घोषणा

डिजिटल डेस्क। सीएम मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में खेल सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और आधुनिक संसाधन मिल सकें। सरकार का उद्देश्य है कि राज्य की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।

मुख्यमंत्री रविवार रात उज्जैन में आयोजित फिरोजिया ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने विजेता टीम को 1 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये की अतिरिक्त पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उज्जैन के क्षीर सागर मैदान को नगर निगम और खेल विभाग के सहयोग से आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और प्रतियोगिता का मंच मिल सके।

फिरोजिया ट्रॉफी का आयोजन 12 से 19 अप्रैल तक किया गया, जिसमें फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दर्शकों ने खेल का भरपूर आनंद लिया। इस प्रतियोगिता का आयोजन सांसद अनिल फिरोजिया द्वारा उनके पिता स्वर्गीय भूरेलाल फिरोजिया की स्मृति में पिछले 21 वर्षों से किया जा रहा है।

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 5 लाख 51 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 2 लाख 51 हजार रुपये निर्धारित है। इस वर्ष आयोजन में “नारी शक्ति वंदन” के तहत महिला क्रिकेट मैच और मातृशक्ति सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जो खेलों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

कार्यक्रम में अनिल जैन कालूहेड़ा, रवि सोलंकी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *