Banana Kheer: ट्राई करें दूध और केले से बनी मलाईदार खीर, आसान है रेसिपी
डिजिटल डेस्क। हमारे घरों अक्सर कुछ खास मौकों पर या किसी खुशी के मौकों पर खीर बनाने की परम्परा है। खीर हमारे लिए सिर्फ एक स्वीट डिश नहीं बल्कि एक इमोशन है। हमें पता होता है कि आज कुछ खास है तो खीर तो बनेगी ही। आमतौर पर घरों में चावल की खीर बनाई जाती है। लेकिन अगर आप इसे खाकर बोर हो गए हैं तो केले से बनी मलाईदार खीर जरुर ट्राई करें। केले की मिठास और दूध की मलाईदार स्वाद जब एक साथ मिलते हैं तो अनोखी और लाजवाब मीठा बनकर तैयार होता है, जिसे केले की खीर कहते हैं। यह खीर स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है। साथ ही इसे बनाना भी बहुत आसान है। आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।
सामग्री
पका हुआ केला: 2 (मसला हुआ)
दूध: 1 लीटर
चीनी: 4-5 टेबल स्पून (स्वाद अनुसार)
इलायची पाउडर: 1/2 टी स्पून
घी: 1 टेबल स्पून
कटे हुए ड्राई फ्रूट्स: (बादाम, काजू, पिस्ता) 2-3 टेबल स्पून
किशमिश: 1 टेबल स्पून
केसर: कुछ धागे
बनाने की विधि
सबसे पहले एक गहरे तले वाले बर्तन में दूध को मध्यम आंच पर उबालने रखें। दूध को चलाते रहें ताकि वह नीचे से जले नहीं। दूसरी ओर, एक पैन में घी गर्म करें और उसमें मसला हुआ केला डालें। केले को धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक भूनें ताकि उसका कच्चापन दूर हो जाए और हल्की मिठास बाहर आए।
जब दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए (लगभग आधा लीटर तक उबल जाए), तब उसमें भुना हुआ केला डालें और अच्छे से मिक्स करें। धीमी आंच पर 8-10 मिनट तक पकाएं। अब खीर में चीनी और इलायची पाउडर डालें। इन्हें अच्छी तरह से मिक्स करें और 5 मिनट तक और पकाएं।
अब इसमें कटे हुए ड्राय फ्रूट्स और किशमिश डालें। अगर आप केसर इस्तेमाल कर रहे हैं, तो केसर को पहले थोड़ा गर्म दूध में भिगोकर खीर में डालें। Banana Kheer तैयार है! आप इसे गरम भी खा सकते हैं और फ्रिज में ठंडा करके भी परोस सकते हैं। दोनों ही तरह इसका स्वाद जबरदस्त होता है। साथ ही मेहमानों को सर्व करने के लिए यह एक अच्छा विकल्प है।



