समाचार

भारत की पहचान को सशक्त बनाने में पीएम मोदी की भूमिका अहम: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल में "इंडिया से भारत : एक प्रवास" पुस्तक का विमोचन, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र गौरव पर चर्चा

डिजिटल डेस्क। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भारत ने अपनी सांस्कृतिक पहचान और वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। यह अवसर “इंडिया से भारत : एक प्रवास” पुस्तक के विमोचन का था, जिसका आयोजन प्रज्ञा प्रवाह द्वारा किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर का निर्माण न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से शांतिपूर्वक संपन्न होना देश की लोकतांत्रिक शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को पुनः सम्मान दिलाने, वैश्विक स्तर पर भारत की ताकत स्थापित करने और कोरोना काल में मानवता की सेवा के उदाहरण प्रस्तुत करने जैसे कदमों ने देश को मजबूत बनाया है।

डॉ. यादव ने वर्ष 2014 से 2026 तक के कालखंड को भारत के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसे “स्वर्णिम दौर” की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश ने आत्मविश्वास और गौरव की नई अनुभूति की है। विंग कमांडर अभिनंदन की सम्मानजनक वापसी का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे भारत की बढ़ती शक्ति का उदाहरण बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे टीवी9 भारतवर्ष के निदेशक श्री हेमंत शर्मा ने कहा कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण केवल विचारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे जमीन पर भी उतारना जरूरी है। उन्होंने मध्यप्रदेश में हो रहे सांस्कृतिक प्रयासों की सराहना की।

पुस्तक के लेखक श्री प्रशांत पोल ने बताया कि उनकी पुस्तक में यह दर्शाने का प्रयास किया गया है कि भारत कभी कमजोर नहीं रहा, बल्कि समय-समय पर अपनी शक्ति और पहचान को पुनर्स्थापित करता रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को सुशासन और युवा विषयों पर आधारित दो अध्ययन ग्रंथ भी भेंट किए गए। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *