समाचार

लोकमाता अहिल्याबाई की 300वीं जयंती होगी खास, होगा महासम्मेलन और 2 लाख महिलाओं को मिलेगा सम्मान

बैठक में किया गया 'लोकमाता अहिल्याबाई अमर रहे' का जय घोष

डिजिटल डेस्क। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की बैठक वंदे मातरम गायन के साथ आरंभ हुई। मंत्रिपरिषद की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं मंत्रीमण्डल के सभी सदस्यों ने लोकमाता देवी अहिल्या माता की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर बैठक का शुभारंभ किया। उपस्थित सभी सदस्यों ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई अमर रहे’ का जय घोष किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं सभी मंत्रीगण ने लेखिका सुश्री श्री साधना बलवटे द्वारा लिखित ‘अहिल्या रुपेण संस्थिता’ शीर्षक से नाट्य पुस्तिका का विमोचन भी किया। यह नाट्य पुस्तिका देवी अहिल्या बाई के जीवन की प्रमुख घटनाओं पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने लेखिका को बधाई दी और कहा कि आपने लोकमाता को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।

मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले मंत्रीगण को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश में 26 से 31 मई तक विभिन्न प्रकार की गतिविधियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 26 मई को मातृशक्ति का सम्मान करते हुए जबलपुर में लिज्जत पापड़ की बहनों से उनके प्रबंधन की जानकारी ली। साथ ही जबलपुर की ज्ञानेश्वरी देवी से भी मुलाकात की। 27 मई को जनकल्याणी पर्व के तहत अहिल्या माता का स्मरण किया गया। पूरे प्रदेश में देवी अहिल्याबाई के जीवन और दर्शन विषय पर चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

28 मई को सृजनशील लाड़ली के तहत नवाचार, उद्यमिता एवं नेतृत्व दिवस मनाकर बैतूल में राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता मेले का आयोजन कर विभिन्न गतिविधियां की जाएंगी। 29 मई को आरोग्यमयी नारी के तहत छतरपुर में महिला स्वास्थ्य एवं कल्याण दिवस के तहत महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। 30 मई को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विशेष महिला स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन स्वावलंबी महिला-सशक्त राष्ट्र की थीम पर अहिल्या वाहिनी कार्यक्रम के तहत प्रदेश की प्रमुख महिला खिलाड़ियों एवं युवतियों से संवाद एवं पूरे प्रदेश में महिला बाईक रैली आयोजित की जाएगी।

इसी अनुक्रम में 31 मई को भोपाल के जम्बूरी मैदान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस महासम्मेलन में करीब 2 लाख महिला उद्यमी, कामगार, महिला स्व-सहायता समूह, लाड़ली बहनें शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी इसी सम्मेलन से इंदौर में मेट्रो ट्रेन सेवा तथा सतना एवं दतिया में नए एयरपोर्टस का वर्चुअल लोकार्पण करने के साथ-साथ उज्जैन में क्षिप्रा नदी पर घाट निर्माण का वर्चुअल भूमिपूजन भी करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, नर्मदापुरम, राजगढ़, देवास, सागर, बैतूल, हरदा, नरसिंहपुर, शाजापुर जिलों के प्रभारी मंत्रीगण को कार्यक्रम की सफलता के लिए विशेष प्रबंध एवं सभी जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह महिला सम्मेलन पूर्णत: नारी सशक्तिकरण पर केंद्रित होगा। इसमें मंच संचालन से लेकर प्रबंधन, सुरक्षा व अन्य सभी व्यवस्थाएं महिलाओं द्वारा ही की जाएंगी। अपने क्षेत्र में विशिष्ट प्रदर्शन करने वाली ख्यातिलब्ध महिलाओं द्वारा प्रधानमंत्रीजी का स्वागत व सम्मान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इंदौर में मेट्रो ट्रेन सेवा और दतिया एवं सतना में एयरपोर्ट्स के लोकार्पण के दौरान संबंधित विभागों के केंद्रीय मंत्री व केंद्रीय राज्यमंत्री सहित राज्य सरकार के विभागीय मंत्री, उस जिले के प्रभारी मंत्री एवं स्थानीय मंत्री भी कार्यक्रम स्थल में मौजूद रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *