समाचार

9 अगस्त को भोपाल में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, खेल सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का फोकस: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

सांदीपनि विद्यालयों में विकसित होंगे खेल परिसर, खिलाड़ियों के पोषण, प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं पर दिया जोर

डिजिटल डेस्क। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अगस्त का महीना देशभक्ति और आजादी के जश्न का प्रतीक है। उन्होंने निर्देश दिए कि 9 अगस्त (अगस्त क्रांति दिवस) के अवसर पर भोपाल में युवाओं और नागरिकों की भागीदारी से भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की जाए। उनका कहना था कि यह यात्रा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ स्वतंत्रता के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

मुख्यमंत्री सोमवार को राज्य शूटिंग अकादमी में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं और मैदानी गतिविधियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

खिलाड़ियों के पोषण और आधुनिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में उनके पोषण, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने ओलंपिक, एशियाई खेलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार, प्रोत्साहन राशि और शासकीय सेवा में नियुक्ति संबंधी नियम जल्द तय करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में मल्लखंभ और जिम्नास्टिक अकादमी शीघ्र शुरू की जाए, ताकि इन खेलों से जुड़े खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

सांदीपनि विद्यालयों में बनेंगे आधुनिक खेल परिसर

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी सांदीपनि विद्यालयों में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। इन परिसरों के आसपास आधुनिक खेल परिसर विकसित करने की संभावनाओं पर तेजी से काम किया जाए। इसके लिए खेल विभाग, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और युवा आयोग मिलकर कार्ययोजना तैयार करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित खेल गतिविधियों और खेल अधोसंरचनाओं का संचालन भविष्य में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से किया जाए, ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।

केंद्र से अधिक अनुदान लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें और अधिक से अधिक केंद्रीय अनुदान (सेंट्रल ग्रांट) प्राप्त करने के प्रयास करें। जिन परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन लंबित है, उन्हें जिला कलेक्टरों के सहयोग से शीघ्र पूरा किया जाए।

उन्होंने खेल विभाग में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी के लिए सिविल विंग तथा प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) गठित करने की संभावनाओं पर भी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

हर जिले की खेल क्षमता के अनुसार होगा विकास

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पिछले पांच वर्षों के खेल प्रदर्शन का जिला-वार विश्लेषण किया जाए। जिस जिले से जिस खेल के अधिक खिलाड़ी निकल रहे हैं, वहां उसी खेल की अधोसंरचना विकसित की जाए। साथ ही प्रदेश के उत्कृष्ट सरकारी और निजी खेल परिसरों को चिन्हित कर वहां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की तैयारी की जाए।

उन्होंने हरियाणा और ओडिशा की तर्ज पर कॉरपोरेट भागीदारी से खेल अधोसंरचना विकसित करने के मॉडल पर भी काम करने की बात कही।

मंत्री विश्वास सारंग ने दी विभागीय योजनाओं की जानकारी

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि हाल ही में स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ खेलों में मध्यप्रदेश के पांच खिलाड़ियों ने भारतीय दल का प्रतिनिधित्व किया, जिनमें दो खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने बताया कि विभाग स्थानीय निकायों के स्टेडियमों में भी खेल गतिविधियां बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है। सागर जिले के मालथोन में मल्टी कॉम्प्लेक्स का निर्माण जारी है, जबकि पीएमयू के माध्यम से सात विषय विशेषज्ञों की सेवाएं लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल अधोसंरचना विकसित करने की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *