अभी-अभी

Global Handwashing Day: बिसंडी खुर्द विद्यालय में बच्चों को सिखाए हाथ धोने के सही तरीके

साबुन और पानी से हाथ धोने की आदत अपनाने का दिया संदेश, विद्यार्थियों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का लिया संकल्प

डिजिटल डेस्क। स्वस्थ जीवन की शुरुआत स्वच्छता से होती है और हाथ धोने की सही आदत कई बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसी संदेश को बच्चों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इंस्टीट्यूट फॉर वाटर एंड क्लाइमेट इनिशिएटिव्स (IWCI) ने ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे के अवसर पर उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बिसंडी खुर्द स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। शिक्षा विभाग के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हाथ धोने के सही तरीके बताए गए और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

भोजन से पहले और शौचालय के बाद हाथ धोना जरूरी

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि भोजन करने से पहले, शौचालय का उपयोग करने के बाद और गंदगी के संपर्क में आने पर साबुन और पानी से हाथ धोना जरूरी है। उन्हें हाथ धोने की सही विधि का प्रदर्शन करके समझाया गया, ताकि वे इस आदत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकें।

विद्यार्थियों को यह भी प्रेरित किया गया कि वे विद्यालय में सीखी गई स्वच्छता संबंधी बातों को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाएं। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उनके माध्यम से समुदाय में भी सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित करना रहा।

बच्चों की आदतों से परिवार तक पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश

कार्यक्रम में रफाकत हुसैन खान ने कहा कि बचपन से ही नियमित रूप से हाथ धोने की आदत विकसित होने से बच्चों को कई बीमारियों से बचाने में मदद मिलती है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के वरुण श्रीवास्तव ने स्वच्छता को स्वस्थ समाज की नींव बताया।

शिक्षा विभाग के एबीआरसी श्री फूलचंद्र ने कहा कि विद्यालयों में आयोजित ऐसी गतिविधियां बच्चों को जागरूक बनाने के साथ-साथ स्वच्छता का संदेश उनके परिवारों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

पानी, स्वच्छता और स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़े

IWCI की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशंसा गुप्ता ने कहा, “सुरक्षित पानी, स्वच्छता और स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़े हैं। बच्चे हाथ धोने की आदत अपनाकर अपने परिवार और समुदाय के लिए स्वच्छता के नायक बन सकते हैं। IWCI विद्यालयों और समुदायों के साथ मिलकर सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन के लिए प्रतिबद्ध है।”

उन्होंने स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने और इनके प्रति दूसरों को भी जागरूक करने के महत्व पर जोर दिया।

विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोने तथा अपने परिवार और समुदाय में स्वच्छता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से वरुण श्रीवास्तव, शिक्षा विभाग से श्री फूलचंद्र तथा IWCI की ओर से प्रशंसा गुप्ता और नवल किशोर सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

IWCI के बारे में: इंस्टीट्यूट फॉर वाटर एंड क्लाइमेट इनिशिएटिव्स जल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जलवायु से जुड़े मुद्दों पर समुदायों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों की सहभागिता के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्यरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *