ध्यान, साधना और शांति का वैश्विक संदेश दे रहे श्री श्री रविशंकर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव पर उदयपुरा पहुंचे मुख्यमंत्री, कहा- मन की शांति ही स्वस्थ जीवन का आधार

डिजिटल डेस्क। कर्नाटक के उदयपुरा स्थित The Art of Living Foundation के इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित वैश्विक सम्मेलन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने कहा कि “मन की शांति ही तन का योग सादृश्य है। जब मन शांत होता है, तभी शरीर संतुलित, स्वस्थ और सामंजस्यपूर्ण रहता है, यही आर्ट ऑफ लिविंग है।” मुख्यमंत्री श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव एवं आर्ट ऑफ लिविंग के 45 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित समारोह में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत ने कभी दुनिया को हथियारों के बल पर जीतने का प्रयास नहीं किया, बल्कि विश्वगुरु बनने का मार्ग चुना है। “वसुधैव कुटुम्बकम्” हमारी संस्कृति का मूल है और Sri Sri Ravi Shankar इसी संदेश को विश्वभर में प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री श्री ने करोड़ों लोगों को तनावमुक्त, शांत और स्वस्थ जीवन जीने की राह दिखाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे मध्यप्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से श्री श्री रविशंकर को जन्मोत्सव की मंगलकामनाएं देने स्वयं उदयपुरा पहुंचे हैं। उन्होंने आर्ट ऑफ लिविंग को “सेवा, साधना और शांति का परम संगम” बताते हुए कहा कि यह संस्था योग, प्राणायाम, ध्यान और भारतीय संस्कृति की मूल भावना से लोगों को जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल जीवन जीने की कला नहीं, बल्कि जीवन को सार्थक बनाने का मार्ग भी है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में गुरु अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाले पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि “यत् पिंडे तत् ब्रह्मांडे” की अवधारणा भारतीय जीवन दर्शन का आधार है। उन्होंने यह भी कहा कि मनुष्य का जीवन सांस, ऊर्जा और चेतना से जुड़ा है तथा गुरुदेव श्री श्री रविशंकर ने प्राण से परमानंद और परमानंद से परमात्मा तक पहुंचने का मार्ग दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में अयोध्या में बने प्रभु श्रीराम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और अध्यात्म आज विश्वभर में नई ऊर्जा के साथ स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने बाबा महाकाल के जयघोष के साथ श्री श्री रविशंकर को दीर्घायु होने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में तेलंगाना के राज्यपाल Shiv Pratap Shukla, केंद्रीय मंत्री Bhupender Yadav, G. Kishan Reddy, अभिनेता Jackie Shroff सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।



