राष्ट्रीय एकता दिवस: राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने दिलाई एकता और अखंडता की शपथ
लोकभवन में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर हुआ कार्यक्रम, राष्ट्र की एकता और सुरक्षा के प्रति समर्पण का लिया संकल्प

डिजिटल डेस्क। राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संकल्प के साथ लोकभवन में शनिवार को लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने लोकभवन के अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया।
लोकभवन के बैंक्वेट हॉल में आयोजित समारोह में राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद अनेक रियासतों में बंटे देश को एकता के सूत्र में पिरोने का महत्वपूर्ण कार्य किया था। उनके दृढ़ नेतृत्व, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण ही उन्हें लौहपुरुष के रूप में जाना जाता है।
राज्यपाल ने कहा कि सरदार पटेल के विचारों और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इन्हें परिवार और समाज के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी जरूरी है। राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
समारोह में राज्यपाल के नेतृत्व में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा में सक्रिय योगदान देने तथा राष्ट्र की एकता के लिए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प भी लिया। साथ ही सत्यनिष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, उप सचिव श्री सुनील दुबे, विधि अधिकारी श्री उमेश कुमार श्रीवास्तव सहित लोकभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



