समाचार

राज्यपाल ने न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे को दिलाई मुख्य न्यायाधिपति पद की शपथ

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के 30वें मुख्य न्यायाधिपति बने न्यायमूर्ति कोगजे, लोकभवन में हुआ गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय को अपना नया मुख्य न्यायाधिपति मिल गया है। न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे ने गुरुवार को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के 30वें मुख्य न्यायाधिपति के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। लोकभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने उन्हें शपथ दिलाई।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल श्री पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नव नियुक्त मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति कोगजे को पुष्प-गुच्छ भेंट कर बधाई दी और उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

राष्ट्रपति की नियुक्ति अधिसूचना का हुआ वाचन

समारोह का संचालन मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधिपति नियुक्त किए जाने संबंधी अधिसूचना का वाचन किया। समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् और समापन राष्ट्रगान जन-गण-मन के साथ हुआ।

शपथ समारोह में शामिल हुए कई गणमान्य

लोकभवन में आयोजित इस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेन्द्र शुक्ल सहित राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, न्यायपालिका के वरिष्ठ न्यायाधीश, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह, पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के कई न्यायमूर्ति, रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना तथा विभिन्न राज्यों से आए न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता भी समारोह के साक्षी बने।

न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे के शपथ ग्रहण के साथ ही मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायिक नेतृत्व में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *