Winter Special Recipe: स्वाद और सेहत से भरपूर, गाजर-मूली का अचार
डिजिटल डेस्क। सर्दियों के मौसम में ताज़ी गाजर और मूली की भरपूर आवक के साथ ही घरों में अचार बनाने की परंपरा भी तेज़ हो जाती है। गाजर-मूली का अचार न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि पाचन के लिए भी लाभकारी माना जाता है। खास बात यह है कि इसे कम समय और आसान विधि से घर पर तैयार किया जा सकता है।
गाजर-मूली का अचार बनाने की सामग्री
2 कप गाजर (लंबी कटी हुई)
2 कप मूली (लंबी कटी हुई)
2 छोटे चम्मच नमक (स्वादानुसार)
1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 बड़ा चम्मच सरसों के दाने (दरदरे पिसे हुए)
1 छोटा चम्मच सौंफ (दरदरी पिसी हुई)
½ छोटा चम्मच मेथी दाना
½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
½ कप सरसों का तेल
2 बड़े चम्मच सिरका या नींबू का रस
अचार बनाने की विधि
सबसे पहले गाजर और मूली को अच्छे से धोकर सुखा लें, ताकि उनमें नमी न रहे। एक बड़े बर्तन में गाजर और मूली डालकर उसमें नमक और हल्दी मिलाएं और 10–15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद सरसों, सौंफ, मेथी और लाल मिर्च पाउडर मिलाकर अच्छी तरह से मिक्स करें।
अब एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें और ठंडा होने दें। ठंडा तेल सब्जियों के मिश्रण में डालें और अंत में सिरका या नींबू का रस मिलाकर अच्छे से चलाएं। तैयार अचार को कांच के साफ और सूखे जार में भरकर 2–3 दिन धूप में रखें।
सेहत के नजरिए से फायदेमंद
पोषण विशेषज्ञों के अनुसार, गाजर और मूली दोनों में फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पाचन को बेहतर बनाता है। सरसों के तेल और मसालों के साथ मिलकर यह अचार सर्दियों में इम्यूनिटी बढ़ाने में भी सहायक माना जाता है।



