Snacks: शाम की हल्की भूख के लिए ट्राई करें ये रेसिपी, बच्चों को आएगी पसंद
आलू और सूजी से मिंटों में तैयार करें क्रिस्पी फिंगर्स

डिजिटल डेस्क। शाम के वक्त बच्चों को अक्सर कुछ चटपटा खाने का मन करता है, जो टेस्टी तो हो ही साथ ही उसे खेलते खेलते खाना भी आसान हो। ऐसे में ऐसे स्नैक्स का हेल्दी होना भी उतना ही जरुरी है। इसलिए आज हम आपके लिए लेकर आए हैं। हेल्दी, टेस्टी और क्रिस्पी भी हो तो आलू और रवा (सूजी) से बनी ये क्रिस्पी फिंगर्स। यह बनाने में बहुत आसान होती है और आलू और सूजी के साथ झटपट बनकर तैयार हो जाती है। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी के बारे में।
इसे बनाने के लिए आपको चाहिए।
उबले हुए आलू – 3 मध्यम आकार के
सूजी (रवा) – 1 कप
पानी – 1/2 कप (सूजी भिगोने के लिए)
हरी मिर्च – 1 बारीक कटी हुई
हरा धनिया – 2 टेबलस्पून बारीक कटा
अदरक – 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ
चिली फ्लेक्स – 1/2 चम्मच (वैकल्पिक)
नमक – स्वादानुसार
नींबू का रस – 1 छोटा चम्मच
चाट मसाला – 1/2 चम्मच
तेल – तलने के लिए
जानिए बनाने का तरीका
एक कटोरी में सूजी लें और उसमें आधा कप पानी डालकर 10 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी फूल जाए। अब उबले हुए आलू को अच्छे से मैश कर लें। इसमें भीगी हुई सूजी, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, चिली फ्लेक्स, नमक, नींबू का रस और चाट मसाला डालें।
इन सभी चीजों को मिलाकर एक मुलायम आटा जैसा मिश्रण तैयार करें। अगर मिश्रण थोड़ा गीला लगे तो थोड़ा और सूजी डालें। फिर हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाकर मिश्रण से उंगली के आकार की फिंगर्स बना लें। सारी फिंगर्स इसी तरह तैयार कर लें और एक प्लेट में रखें।
एक कढ़ाई या पैन में तेल गरम करें। तेल गरम हो जाए तो उसमें 4-5 फिंगर्स एक साथ डालें और मीडियम आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें। तली हुई फिंगर्स को टिशू पेपर पर निकालें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए।
अब इसे हरी चटनी या टमाटर सॅास के साथ सर्व करें या ऐसे भी खा सकते हैं। यह बच्चों के साथ साथ बड़ों को भी बहुत पसंद आएगा। साथ ही मेहमानों को सर्व करने के लिए भी एक अच्छा विकल्प है।



